बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। राजधानी दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक जारी है, जिसमें बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर गहन मंथन किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में अहम बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। साथ ही मंत्री दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी बैठक का हिस्सा हैं।

बैठक में नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर चर्चा तेज हो गई है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने साफ कर दिया है कि अगली सरकार बीजेपी के नेतृत्व में बनेगी और जेडीयू एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है।

सूत्रों की मानें तो प्रदेश कोर ग्रुप से मुख्यमंत्री के नाम मांगे गए हैं, जिनमें से एक नाम पर आम सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद की रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, उनके नाम को लेकर कुछ विरोध के संकेत भी सामने आए हैं। प्रदेश बीजेपी कार्यालय में उनके पोस्टर फाड़े जाने और विपक्ष द्वारा तंज कसने के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है।

बताया जा रहा है कि आज की बैठक का निष्कर्ष शुक्रवार को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में रखा जाएगा। इसके बाद 12 अप्रैल को एनडीए की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।

फिलहाल, बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन दिल्ली की बैठकों ने सियासी हलचल को चरम पर पहुंचा दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *