धनबाद के प्रतिष्ठित बीएसएस महिला महाविद्यालय से एक अजीबोगरीब और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक मनचले युवक ने अपनी हरकतों के बाद कॉलेज परिसर की दीवारों पर पोस्टर चिपकाकर प्रेमिका से माफी मांगी। इस घटना ने न सिर्फ कॉलेज प्रशासन को हैरान कर दिया, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक युवक ने महिला महाविद्यालय की दीवारों और गेट पर कई पोस्टर चिपका दिए, जिनमें उसने अपनी प्रेमिका से माफी मांगते हुए भावनात्मक संदेश लिखे थे। यह घटना उस समय सामने आई जब कॉलेज खुलने के बाद छात्राओं और स्टाफ की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी।

 

हालांकि, कॉलेज के चपरासी द्वारा तुरंत इन पोस्टरों को हटा दिया गया, लेकिन तब तक किसी ने इनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं। वायरल तस्वीरों के बाद पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा शुरू हो गई है।

 

मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि यह एक महिला महाविद्यालय है, जहां छात्राएं सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई करने आती हैं। ऐसे में किसी बाहरी युवक का इस तरह परिसर में प्रवेश कर पोस्टर लगाना और फिर गार्ड को धमकाना, सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. करुणा ने बताया कि उन्हें सुबह इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा, “एक युवक द्वारा कॉलेज गेट पर पोस्टर चिपकाए गए थे। जब गार्ड उन्हें हटाने गया तो युवक ने उसे धमकाया। जब तक मैं कॉलेज पहुंची, तब तक वह वहां से फरार हो चुका था। बाद में पोस्टर हटा दिए गए।

प्राचार्या ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है और धनबाद के उपायुक्त से अपील की है कि ऐसे मनचलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि पुलिस इस वायरल मामले पर कितना गंभीर रुख अपनाती है और दोषी युवक तक कब पहुंचती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *