बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सात वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने बच्ची की सुरक्षित रिहाई के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी भी दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामला अहियापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बच्ची की मां सवीता देवी (बदला हुआ नाम) अपने पति के साथ तमिलनाडु में एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करती हैं। उनकी बेटी पिछले कुछ महीनों से मुजफ्फरपुर के भिखनपुर इलाके में अपने ममेरे भाई के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि 31 मार्च को सवीता देवी अपने पति के साथ बेटी को वापस ले जाने के लिए तमिलनाडु से मुजफ्फरपुर पहुंची थीं। उस रात वे अपने रिश्तेदार के घर रुके, लेकिन अगली सुबह बच्ची अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने अपहरण की आशंका जताई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि ममेरे भाई की पत्नी का पड़ोस के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। उसी के साथ मिलकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया और अब फिरौती की मांग कर रही है। इस खुलासे के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है, क्योंकि इसमें परिवार के ही लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और बच्ची की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनीता सिन्हा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके के लोग पहले हुए ‘खुशी अपहरण कांड’ को भी याद कर रहे हैं, जो अब तक पूरी तरह सुलझ नहीं पाया है। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि कब तक बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जाता है।
