दरभंगा जिले में एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच प्रशासन ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर अल्लपट्टी स्थित गोदावरी गैस एजेंसी पर औचक छापेमारी की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के बाद प्रशासन ने एजेंसी का लाइसेंस रद्द कर दिया है और संचालक को प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एजेंसी ने अनुज्ञप्ति में दर्ज गोदाम के अलावा एक अन्य कमरे का अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण के लिए इस्तेमाल किया था। इस स्थान पर बड़ी संख्या में खाली सिलेंडर पाए गए, जिनके बारे में एजेंसी संचालक संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इससे गैस की कालाबाजारी और अनियमित वितरण की आशंका और भी मजबूत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि उपभोक्ताओं की संख्या से अधिक सिलेंडरों की डिलीवरी दर्शाई गई है, खासकर 4 अप्रैल को रिकॉर्ड में ज्यादा डिलीवरी दिखाई गई, जो संदेह पैदा करता है। वहीं, हकीकत यह है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता समय पर गैस नहीं मिलने से परेशान हैं और एजेंसी के पास बुकिंग का भारी बैकलॉग मौजूद है।
इसके अलावा, गोदाम में गैस सिलेंडरों के स्टॉक और मूल्य से संबंधित अनिवार्य जानकारी का प्रदर्शन भी नहीं किया गया था, जो द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 का स्पष्ट उल्लंघन है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में भी एजेंसी की लापरवाही सामने आई है।
एक उपभोक्ता ने शिकायत की कि उसे गैस डिलीवरी का मैसेज तो मिला, लेकिन वास्तविक डिलीवरी नहीं की गई। इससे पूरी वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने एजेंसी संचालक को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
