जामताड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां थाना क्षेत्र के राजपल्ली मोहल्ले में एक बैंक कर्मी के घर देर रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने घर में घुसकर लाखों के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जामताड़ा थाना क्षेत्र के राजपल्ली मोहल्ले में देर रात चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार प्रदीप चौबे, जो बोदमा स्थित भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, उनके किराए के मकान को चोरों ने निशाना बनाया।

 

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त प्रदीप चौबे अपने परिवार के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब वे उठे और पास के कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था और गोदरेज अलमीरा का ताला टूटा हुआ था।

 

पीड़ित के अनुसार चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमीरा को निशाना बनाते हुए कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान में दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने की बाली सहित अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी की कुल कीमत लाखों रुपये में है।

 

घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों के सुराग जुटाने में लगी हुई है।

 

बता दें कि जिस मकान में यह घटना हुई, वह जामताड़ा के एसडीओ कार्यालय में कार्यरत प्रधान लिपिक बैजू झा का है, जहां प्रदीप चौबे किराए पर रहते हैं।

 

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *