बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में पुलिस ने शादी के नाम पर चल रहे एक संदिग्ध ‘दुल्हन खरीद’ रैकेट का पर्दाफाश किया है। बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के एक मैरिज हॉल में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने कुल 24 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 8 महिलाएं भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग लड़की को भी बरामद किया गया, जिसे कथित तौर पर शादी के नाम पर दूसरे राज्य भेजने की तैयारी थी। मौके से करीब एक लाख रुपये नकद और कुछ आभूषण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक गरीब परिवार को लालच देकर उसकी नाबालिग बेटी की शादी मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से आए युवक से कराई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मैरिज हॉल में छापा मारा और चल रही शादी को रुकवा दिया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरातफरी मच गई।
जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग लड़की बक्सर जिले के चकिया की रहने वाली है। उसकी शादी रतलाम के पिलादरी गांव के एक युवक से कराई जा रही थी। पुलिस ने लड़का और लड़की पक्ष के कुल 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो गरीब परिवारों को बहला-फुसलाकर उनकी बेटियों की शादी दूसरे राज्यों में करवा रहा है।
हालांकि, लड़के के पिता ने दावा किया कि उन्हें लड़की के नाबालिग होने की जानकारी नहीं थी और वे सामान्य तरीके से शादी करने आए थे। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस इलाके में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां दलालों के जरिए गरीब लड़कियों की खरीद-फरोख्त कर उन्हें अन्य राज्यों में भेजा जाता रहा है।
