बिहार के कटिहार जिले में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रोजीतपुर बाईपास के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, भारतीय खाद्य निगम (FCI) का एक खाली ट्रक गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान मनिहारी से कटिहार की ओर जा रहे तीन युवक उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान नितेश कुमार उरांव, राजीव कुमार और राहुल के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे। इस घटना ने एक ही परिवार के कई घरों में मातम पसार दिया है। परिजन रंजीत कुमार ने बताया कि राहुल उसी दिन गुजरात से घर लौटा था और शाम को अपने दोनों भाइयों को कटिहार स्टेशन छोड़ने जा रहा था, जहां से वे मजदूरी के लिए बाहर जाने वाले थे। लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया और तीनों की जिंदगी खत्म हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
कटिहार सदर के डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के गलत दिशा से आने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
