भागलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 6 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परबत्ती इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पुलिस को मिली।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जैसे ही परबत्ती इलाके में दबिश दी, वहां एक व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में घूमता नजर आया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे खदेड़ कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान विशाल कुमार ने कई अहम खुलासे किए।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति राजा गोस्वामी को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि राजा गोस्वामी इस अवैध नेटवर्क में सप्लायर की भूमिका निभाता था, जबकि विशाल कुमार इलाके में ब्राउन शुगर की बिक्री करता था।
इस पूरी कार्रवाई की जानकारी भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई से यह साफ है कि भागलपुर पुलिस नशे के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करने के मूड में है।
