सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के बहुअरवा गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बहुअरवा वार्ड-10 निवासी जितेंद्र सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे वे अपनी जमीन पर दीवार निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। विरोध के दौरान गाली-गलौज शुरू हुई और मामला तेजी से बढ़ गया।
आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोग जबरन उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में धर्मेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, अभिमन्यु सिंह, अभिषेक सिंह, दीपक सिंह, सूरज सिंह और नारद सिंह सहित कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने जितेंद्र सिंह की पत्नी अलका सिंह को निशाना बनाते हुए उन पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने अलका सिंह के गले से सोने की चेन और कान की बालियां भी छीन लीं। लूटे गए गहनों की कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को किसी तरह शांत कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
