धनबाद। झारखंड के धनबादवासियों के लिए रेल कनेक्टिविटी को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई के लिए नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत कर दी गई है। सोमवार देर रात करीब 11 बजे यह ट्रेन धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 से रवाना हुई। इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विधिवत रवाना किया।

 

दरअसल, यह ट्रेन अब तक स्पेशल सेवा के रूप में संचालित की जा रही थी, लेकिन रेल मंत्रालय ने इसे अब स्थायी और नियमित सेवा का दर्जा दे दिया है। जैसे ही यह ट्रेन धनबाद जंक्शन पहुंची, स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों, यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी के साथ ट्रेन का स्वागत किया।

 

इस खास मौके पर धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो के साथ मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे। कई अन्य स्टेशनों पर भी इस ट्रेन का स्वागत किया गया, जिससे यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर धनबाद पहुंची और कुछ ही देर बाद रात 11 बजे पुनः लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रवाना हो गई। सांसद ढुल्लू महतो ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर इस ट्रेन की शुरुआत हुई है।

 

उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे हर हाल में कायम रखेंगे और यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में इस ट्रेन को दैनिक सेवा में बदलने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

 

यह साप्ताहिक ट्रेन करीब 1848 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और मार्ग में कुल 28 स्टेशनों पर ठहरेगी। यह ट्रेन बुधवार दोपहर 1:40 बजे मुंबई पहुंचेगी, जबकि वापसी में बुधवार शाम 4:55 बजे मुंबई से चलकर शुक्रवार सुबह 8 बजे धनबाद पहुंचेगी।

 

इस ट्रेन के नियमित संचालन से धनबाद और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर रोजगार, इलाज और शिक्षा के लिए मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा बेहद फायदेमंद साबित होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *