पलामू जिले के डालटनगंज से बड़ी खबर सामने आई है, जहां देर रात फायरिंग की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने दो संदिग्ध अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। घटना रेलवे कॉलोनी इलाके की है, जहां सुनसान जगह पर लूट की साजिश रची जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 03:00 बजे टीओपी-02 क्षेत्र में गोली चलने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी टीओपी-02 ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए टाइगर मोबाइल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे स्थित सुनसान रास्ते पर पुलिस को दो संदिग्ध युवक नजर आए।
पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान अंशु कुमार उर्फ मंटू के पास से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली, एक खोखा और एक चाकू बरामद किया गया। वहीं आदित्य कुमार गुप्ता उर्फ लक्की के पास से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और एक लोहे का फाइटर मिला।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और पैसे की जरूरत के चलते राहगीरों को हथियार के बल पर लूटने की योजना बना रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि मौके पर अपने-अपने पिस्तौल से एक-एक राउंड फायरिंग की थी, ताकि इलाके में दहशत फैल सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार सहित टीओपी-02 प्रभारी राकेश कुमार और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल रहे।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला
