पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सतर्कता के बीच जामताड़ा उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों पर करारा प्रहार किया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम का नेतृत्व उत्पाद इंस्पेक्टर निखिल चंद्र कर रहे थे। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा शहर के हटिया स्थित शिव मंदिर के पास अभय गुप्ता के आवास पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। मौके से पश्चिम बंगाल निर्मित 74 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा लगभग 25 लीटर बताई जा रही है, जब्त की गई। इसके साथ ही 47 पीस केन बीयर भी बरामद की गई, जिसकी मात्रा करीब 24 लीटर है। जब्त शराब और बीयर की कुल कीमत लगभग 45 हजार रुपये आंकी गई है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चुनावी माहौल को देखते हुए अवैध शराब की तस्करी पर विशेष नजर रखी जा रही है। आशंका है कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस तरह की शराब का इस्तेमाल किया जा सकता था।
इस मामले में जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल उत्पाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
संवाददाता- संतोष कुमार जामताड़ा
