झारखंड के पलामू जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नेशनल हाईवे-98 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो प्रखंड विकास पदाधिकारी स्तर के अधिकारी, यानी सीओ, गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों अधिकारी जिला मुख्यालय मेदनीनगर में उपायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, छतरपुर स्थित मसीहानी के पास फोरलेन सड़क पर नौडीहा प्रखंड के सीओ संजय कुमार सिंह, पिपरा प्रखंड के सीओ जितेंद्र कुमार सिंह और उनके चालक रवींद्र कुमार ठाकुर सरकारी वाहन से सफर कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीओ का वाहन सायरन बजाते हुए दाहिनी लेन से गुजर रहा था। तभी ट्रेलर चालक मोबाइल पर बात करते हुए नियंत्रण खो बैठा और सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमएमसीएच मेदनीनगर रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, नौडीहा सीओ संजय कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पिपरा सीओ जितेंद्र कुमार सिंह का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है और उन्हें अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। चालक रवींद्र कुमार ठाकुर को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अवध कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को जब्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
वहीं, नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
