भागलपुर में शराबबंदी कानून को धता बताने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बरारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लग्जरी ‘थार’ गाड़ी से हो रही शराब तस्करी का पर्दाफाश करते हुए 137 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों, दीपक अग्रवाल और संजीत मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

 

मामला तब सामने आया जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक महंगी गाड़ी के जरिए बड़ी मात्रा में शराब की खेप शहर में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध थार वाहन को रोका गया और तलाशी ली गई, पुलिस भी हैरान रह गई। गाड़ी के अंदर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

 

इतना ही नहीं, पुलिस ने तस्करों के पास से भारी नकदी, मोबाइल फोन और कई एटीएम कार्ड भी जब्त किए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से तस्करी में संलिप्त था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

 

वहीं, इस कार्रवाई के समानांतर सबौर थाना पुलिस ने भी बाबूफुर इलाके में छापेमारी कर 120 लीटर देशी शराब बरामद की है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ है कि पुलिस अब शराब तस्करों के खिलाफ पूरी तरह सख्त रुख अपना चुकी है।

 

सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि तस्कर चाहे जितने भी शातिर तरीके अपनाएं या महंगी गाड़ियों का सहारा लें, वे कानून की नजरों से बच नहीं सकते।

 

भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से जहां एक ओर तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने भी पुलिस की इस सख्ती की सराहना की है। आने वाले दिनों में ऐसे और भी अभियान चलाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *