बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए फिल्मी अंदाज में करोड़ों की बड़ी लूट को अंजाम दिया है। खगौल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर दो स्वर्ण कारोबारियों से करीब 17 किलोग्राम सोना लूट लिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात के राजकोट से ट्रेन संख्या 19483 से दो कारोबारी—प्रिंस (25 वर्ष) और महेश (35 वर्ष)—दानापुर स्टेशन पहुंचे थे। देर रात दोनों टेम्पो से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खगौल-लख के पास पहले से घात लगाए बैठे 3 से 4 अपराधियों ने बाइक और कार से उनका पीछा कर वाहन को रोक लिया।

अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए जांच के नाम पर दोनों को डराया-धमकाया और जबरन अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें नौबतपुर नहर के पास सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां उनसे करीब 17 किलोग्राम सोना लूट लिया गया। वारदात के बाद बदमाश दोनों कारोबारियों को सड़क पर फेंककर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई। दानापुर के एसडीपीओ शिवम धाकर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधियों ने पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया और खुद को अधिकारी बताकर कारोबारियों का विश्वास जीता। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को बरामद कर लिया है, जो चोरी की बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस ने जल्द ही सभी अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *