भागलपुर जिले के शाहकुंड-अकबरनगर मुख्य सड़क पर सैदपुर और जानीपुर के बीच दिनदहाड़े हुई लूट की बड़ी वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पेट्रोल पंप मालिक को निशाना बनाते हुए 8 लाख 10 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

 

घटना के संबंध में पीड़ित मंटू कुमार ने बताया कि वे अपने पेट्रोल पंप से नकदी लेकर एसबीआई शाहकुंड में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग बाइक पर सवार चार अपराधी उनका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वे सैदपुर और जानीपुर के बीच पहुंचे, अपराधियों ने उनकी बाइक में जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।

 

इसके बाद अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें डराया और उनकी बाइक की डिक्की से करीब 8 लाख 10 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।

 

घटना की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना अध्यक्ष अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। वहीं, विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है और सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

 

पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फुटेज में साफ देखा जा रहा है कि अपराधी पहले से ही पीड़ित का पीछा कर रहे थे, जिससे यह घटना पूरी तरह से योजनाबद्ध प्रतीत होती है।

 

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *