भागलपुर निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी मुंगेर से जबकि दो आरोपियों को बेगूसराय से पकड़ा गया है। सभी आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर लाया गया, जहां निगरानी कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

पूरा मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल अंचल अंतर्गत पंचवीर पंचायत की सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन को बचाने के नाम पर भारी भरकम घूस की मांग की जा रही थी। निगरानी टीम ने मुंगेर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में तैनात पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

 

जानकारी के अनुसार पंचवीर पंचायत के पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद ने इस जमीन से जुड़े मामले को प्रमंडलीय आयुक्त के न्यायालय में चुनौती दी थी। यह जमीन करीब तीन कट्ठा चार धुर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

 

आरोप है कि इस सरकारी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मु. जावेद समेत अन्य लोगों के नाम दाखिल-खारिज कर दिया गया था। वादी के अनुसार पेशकार मुकेश कुमार ने मामले के फैसले को प्रभावित करने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी। ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर पहले ही तीन लाख रुपये दे दिए थे।

 

शेष रकम देने के दौरान निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में पहले ही पटना के निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। सत्यापन के बाद निगरानी डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

 

इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *