बिहार के भागलपुर से पुलिस की बड़ी कामयाबी सामने आई है, जहां इशाकचक थाना क्षेत्र में हुए एक चर्चित चोरी कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से नकदी सहित लाखों रुपये के जेवरात भी बरामद किए हैं।
भागलपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इशाकचक थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, 3 जनवरी 2026 को बबली कुमारी नामक महिला ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला।
जांच के दौरान पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया, जिसने कड़ी मेहनत और सटीक रणनीति के तहत दो मुख्य आरोपियों—नीतीश कुमार मंडल और संजय कुमार यादव—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के जेवर खरीदने वाले एक व्यवसायी दिनेश प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, हनुमानी, नोजपिन, नथ, कानबाली और चांदी के पायल समेत कई कीमती आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले की जानकारी सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने प्रेस को दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
फिलहाल, इस सफल कार्रवाई से जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
