बिहार के सीमावर्ती किशनगंज जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनाने वाला एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में की गई, जहां से भारी मात्रा में जाली दस्तावेज और उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में बलुआजगीर निवासी मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से किराना दुकानदार बताया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपनी दुकान की आड़ में अवैध तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय और आवासीय प्रमाण पत्र समेत कई तरह के दस्तावेज तैयार करता था।

एसडीपीओ मंगलेश कुमार के अनुसार, आरोपी के पास से करीब 400 लोगों के नाम पर बने अलग-अलग आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, मॉनिटर, थंब स्कैनर, फिंगरप्रिंट स्कैनर, मोबाइल फोन, पासबुक, एटीएम कार्ड, विभिन्न सरकारी मोहर और कुल 57 प्रकार के दस्तावेज और उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि टेढ़ागाछ इलाके में एक किराना दुकान में फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वार्ड नंबर पांच स्थित दुकान में छापेमारी कर इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के आधार आईडी और क्लोन थंब इम्प्रेशन का इस्तेमाल कर आधार एनरोलमेंट सॉफ्टवेयर में डेटा अपलोड करता था, जिससे अवैध तरीके से नए आधार कार्ड बनाए जाते थे।

पुलिस का दावा है कि इस गिरोह का नेटवर्क सीमांचल क्षेत्र के अलावा पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *