बिहार के बांका जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह तारापुर-देवघर मुख्य मार्ग पर जिलेबिया मोड़ के पास हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा जिले के कुछ श्रद्धालु अजगैबीनाथ धाम में गंगा स्नान करने के बाद देवघर में बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार जब जिलेबिया मोड़ के पास पहुंची, तो सामने से आ रही एक बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे जंगल में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव में जुट गए।
मृतकों की पहचान बांका जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनरझोप गांव निवासी रुपेश कुमार साह (28), सुरेंद्र साह (46) और बालेश्वर साह (59) के रूप में हुई है। खास बात यह है कि तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, कार में सवार पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रवीन कुमार गुप्ता और खुशबू कुमारी घायल हो गए। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि बनरझोप गांव में एक साथ तीन लोगों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।
