सहरसा। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 1 अप्रैल को सहरसा स्टेडियम में जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा संचालित एकलव्य एथलेटिक्स बालिका आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह का संचालन जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार ने किया। कार्यक्रम में विभाग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक चंद्रभूषण कुमार तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिका खिलाड़ी भी मौजूद रहीं। जिला खेल पदाधिकारी ने जिला पदाधिकारी को खिलाड़ियों के आवासन, भोजन एवं अन्य सुविधाओं सहित खेल प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया और संतोष व्यक्त किया।
जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि सहरसा में शुरू हुआ यह प्रशिक्षण केंद्र खेल विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार ने बताया कि अब स्टेडियम परिसर में केवल बालिका खिलाड़ियों को अभ्यास की अनुमति होगी तथा सभी खिलाड़ियों को जिला खेल कार्यालय द्वारा पहचान पत्र जारी किया जाएगा, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।
सहरसा जिला एथलेटिक संघ के सचिव एवं सीनियर एथलेटिक्स कोच रोशन सिंह धोनी ने कहा कि सात वर्षों के लगातार प्रयास के बाद सहरसा में एकलव्य बालिका एथलेटिक्स आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ हुआ है, जो बालिका खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में खिलाड़ियों को बिहार सरकार के खेल विभाग द्वारा मुफ्त आवास, भोजन, पढ़ाई, खेल पोशाक एवं प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है। साथ ही “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” नीति के तहत खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सहरसा स्टेडियम के बाहरी परिसर में बड़े आउटडोर स्टेडियम एवं मल्टीपरपज हॉल का निर्माण कराया जा रहा है तथा प्रशिक्षण के लिए स्टेडियम के पूर्वी भाग को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. आलोक रंजन, जिला एथलेटिक संघ अध्यक्ष आर.के. सिंह, कोशी स्पोर्ट्स अकादमी अध्यक्ष अर्जुन चौधरी, जिला टेबल टेनिस संघ अध्यक्ष विवेक विशाल, साइकलिंग संघ अध्यक्ष डॉ. जयंत आशीष, हैंडबॉल संघ अध्यक्ष दिवाकर सिंह, तैराकी संघ अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने केंद्र की शुरुआत पर खुशी जताई और जिला प्रशासन एवं खेल विभाग को धन्यवाद दिया।
सभी उपस्थित लोगों ने कहा कि सहरसा में लगातार खेल का बेहतर माहौल बन रहा है, जिसमें कोच रोशन सिंह धोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
