झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बस स्टैंड स्थित राजा साहेब के ऑफिस के पास देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान गुडू खलीफा उर्फ मो. समीर खलीफा, निवासी कुंड मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात तीन अज्ञात अपराधी ऑफिस की छत के रास्ते अंदर घुसे और सीधे वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान 3 से 4 राउंड फायरिंग की गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोग दहशत में आ गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। साथ ही संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।

इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है और आरोपियों को पकड़ने में कितनी सफलता मिलती है।

रिपोर्ट – सत्यम शुक्ला, पलामू

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *