भागलपुर में गैस की किल्लत अब घरों की रसोई से निकलकर बाजार तक पहुंच चुकी है। इस संकट का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई कारोबार पर देखने को मिल रहा है, जहां आधुनिक किचन अब धीरे-धीरे पुराने दौर में लौटते नजर आ रहे हैं।
गैस सिलेंडर की कमी ने कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई होटल और मिठाई दुकानों में अब कोयले के चूल्हे पर खाना और मिठाइयाँ तैयार की जा रही हैं। धुएं से भरे माहौल और धीमी आंच के बीच काम करना स्टाफ की मजबूरी बन गया है।
रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि गैस की अनुपलब्धता के कारण उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है। पहले जहां बड़ी मात्रा में मिठाइयाँ और व्यंजन तैयार किए जाते थे, अब उतना बन पाना संभव नहीं हो रहा है। इससे ग्राहकों की मांग को पूरा करना चुनौती बन गया है और कई बार ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
व्यवसायियों का कहना है कि गैस संकट लंबे समय तक जारी रहा तो इसका असर सिर्फ उत्पादन पर ही नहीं, बल्कि स्वाद और गुणवत्ता पर भी पड़ेगा। कोयले की आंच पर बने व्यंजनों का स्वाद और बनाने की प्रक्रिया दोनों ही अलग होते हैं, जिससे ग्राहकों का अनुभव भी प्रभावित हो सकता है।
इसके साथ ही लागत भी बढ़ रही है। कोयला खरीदना, अतिरिक्त समय लगना और मेहनत ज्यादा होना, इन सबने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। छोटे दुकानदारों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल बनती जा रही है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गैस आपूर्ति को सामान्य किया जाए, ताकि कारोबार को पटरी पर लाया जा सके। अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में इसका असर बाजार की रौनक और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी साफ देखने को मिल सकता है।
