इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर चल रहे कटावरोधी कार्य का गुरुवार को जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अनवर जमील ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति देखकर उन्होंने ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जा सके।


मुख्य अभियंता ने मौके पर मौजूद अधीक्षण अभियंता सुबोध कुमार सहित अन्य संबंधित इंजीनियरों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कटावरोधी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में अनियमितता या शिकायत पाई गई, तो ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के अधिवक्ता मुकेश कुमार ने मुख्य अभियंता से गंगा नदी के अपोजिट साइड में सोल कटिंग कराने की मांग रखी। उनका कहना था कि इससे कटाव की समस्या पर बेहतर नियंत्रण पाया जा सकेगा और तटबंध को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी।


बताया जा रहा है कि इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर इस वर्ष जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से कटावरोधी कार्य कराया जा रहा है। यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि हर वर्ष बाढ़ और कटाव से भारी नुकसान होता है।


गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल ने भी इस कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। ऐसे में मुख्य अभियंता का यह निरीक्षण और सख्त रुख कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *