बिहार के सहरसा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना बनगाँव थाना क्षेत्र के तीन मुहानी के पास हुई, जहां अज्ञात ट्रैक्टर की ठोकर से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तुरंत उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान एक किशोर ने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान बनगाँव वार्ड संख्या 17 निवासी 16 वर्षीय सौरव कुमार के रूप में हुई है, जो अजय रजक के पुत्र थे। वहीं हादसे में घायल अन्य लोगों में विजय यादव, शिबू यादव (45 वर्ष) निवासी ढोली वार्ड 16 और आनंद कुमार, पिता गौरीशंकर झा, निवासी बनगाँव वार्ड 17 शामिल हैं। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों के आक्रोश के कारण अस्पताल परिसर में घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अज्ञात ट्रैक्टर की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
