मेदिनीनगर (पलामू) में गुरुवार को जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आधार सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने पर जोर दिया गया। यह बैठक उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में सम्पन्न हुई।

 

बैठक के दौरान खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में आधार पंजीकरण और अद्यतन केंद्रों की उपलब्धता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने जिला परियोजना पदाधिकारी (यूआईडी) उदय प्रताप सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि गांव-गांव तक आधार सेवाएं पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति इस महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन लोगों का अब तक आधार नहीं बना है, उनकी पहचान कर सूची तैयार की जाए और उनके लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।

 

समीक्षा के क्रम में विभिन्न प्रखंडों में आधार केंद्रों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। पांडु प्रखंड में आधार सेवा पूरी तरह बंद होने की जानकारी पर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित बीडीओ को तत्काल नया कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त कर सेवा बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही सीएससी मैनेजर को जिले में बंद पड़े सभी यूसीएल किट को एक माह के भीतर चालू कराने का सख्त आदेश दिया गया।

 

उप विकास आयुक्त ने शिक्षा विभाग को भी निर्देशित किया कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का बायोमैट्रिक अपडेट कार्य तेजी से पूरा किया जाए और इसे शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। वहीं छतरपुर डाक उपघर में कंप्यूटर खराब होने से बाधित आधार सेवा को लेकर जेम पोर्टल के माध्यम से नया कंप्यूटर खरीदने और जल्द काम शुरू करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी सह समिति संयोजक प्रीति किस्कू, सदर एसडीपीओ राजीव रंजन, यूआईडीआई के प्रतिनिधि, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक और सीएससी के अधिकारी समेत शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट: विकास कश्यप, मेदिनीनगर (पलामू)

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *