बोकारो में पिछले कई दिनों से व्यापारियों को मिल रही धमकी भरी कॉल और मैसेज के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात अपराधियों प्रिंस खान और अमन साहू के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का आज बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो संगठित तरीके से व्यापारियों को डरा-धमकाकर वसूली की कोशिश कर रहे थे।

 

पुलिस के अनुसार इस गिरोह का सरगना प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया है, जो पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सभी सदस्य पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अगर समय रहते इस गिरोह पर कार्रवाई नहीं होती, तो ये लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते थे।

 

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता को हथियारों की बरामदगी के लिए बालीडीह ओपी थाना क्षेत्र ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

 

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, कई मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

 

फिलहाल, इस सफलता के बाद बोकारो के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

 

रिपोर्ट: चंदन सिंह, बोकारो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *