शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मुंबई में हुई एक युवक की हत्या के बाद उसका शव गांव पहुंचा। शव के पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते लोगों ने खाजेपुर पुल के पास शिवहर-मुजफ्फरपुर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया।
घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और न्याय की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का साफ कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
तरियानी थाना अध्यक्ष बिनय प्रसाद के अनुसार, तीन दिन पहले मुंबई में बैद्यनाथपुर गांव के तीन सगे भाइयों—धीरज ठाकुर, नीरज ठाकुर और सूरज ठाकुर—पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला किया था। इस हमले में धीरज ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अभी जारी है।
गुरुवार सुबह जैसे ही धीरज ठाकुर का शव गांव पहुंचा, परिजनों का दर्द गुस्से में बदल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
मृतक के पिता अवधेश ठाकुर ने रोते-बिलखते हुए आरोप लगाया कि खाजेपुर निवासी मुकेश नाम के व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते पैसे देकर उनके बेटे की हत्या करवाई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
