नवगछिया पुलिस जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना श्रीपुर पेट्रोल पंप के समीप एनएच-80 पर हुई, जहां तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।


जानकारी के अनुसार, ट्रक मधेपुरा-चौसा मार्ग की ओर से भागलपुर की दिशा में तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान मकनपुर चौक की ओर से चौसा जा रही स्कूटी सवार महिला उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिए उसके ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मृतका की पहचान सपना कुमारी, पिता राज किशोर साह, निवासी हरनाथचक (नवगछिया) के रूप में हुई है। स्थानीय निवासी विपिन कुमार ने बताया कि ट्रक गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।


घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक को पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कदवा फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और जाम हटाकर यातायात बहाल कराया गया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *