पूर्णियाँ पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए करीब 13 महीने से लापता एक लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान प्रहलाद कुमार जायसवाल (62) के रूप में हुई है। आरोपी गुंडा चौक, थाना सदर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार, भवानीपुर थाना क्षेत्र से करीब 13 महीने पहले एक लड़की अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लड़की को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि लापता लड़की को पूर्णियाँ में प्रहलाद जायसवाल को बेच दिया गया था, जो इस पूरे मामले को और भी गंभीर बना देता है।

 

इतना ही नहीं, पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। बरामद सामानों में एक लोडेड देसी कट्टा, दो रिवॉल्वर, 157 जिंदा कारतूस, 7 खोखा और करीब 5 लाख 80 हजार 250 रुपये नकद शामिल हैं। इस बरामदगी ने कई और सवाल खड़े कर दिए हैं और आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

 

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं, लड़की के सकुशल बरामद होने के बाद उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *