हुसैनाबाद, पलामू से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एसआई नर्मदेश्वर सिंह को लाइन हाज़िर कर दिया है। उन पर एक चाय दुकानदार से रंगदारी मांगने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जपला–छत्तरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित एक चाय दुकान से जुड़ा है। दुकानदार शुभम पाठक और उनके स्टाफ के साथ कथित तौर पर एसआई नर्मदेश्वर सिंह द्वारा मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि उन्होंने वर्दी का रौब दिखाते हुए दुकानदार से पैसे की मांग की और विरोध करने पर दबाव बनाने की कोशिश की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मीडिया में खबर प्रमुखता से आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पलामू पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से एसआई को लाइन हाज़िर करने का आदेश दिया।
क्षेत्र में यह भी चर्चा रही कि संबंधित अधिकारी का व्यवहार लंबे समय से विवादित रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम जनता के साथ कठोर रवैया और दबंगई उनकी कार्यशैली का हिस्सा बन चुका था। ऐसे में यह घटना सामने आने के बाद लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे थे।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद लोगों में एक सकारात्मक संदेश गया है कि पुलिस प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से ले रहा है और अनुशासनहीनता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम रह सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
