पलामू जिले के मेदिनीनगर में पेयजल और स्वच्छता योजनाओं को लेकर उपायुक्त समीरा एस ने सख्त रुख अपनाया है। जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक में लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को एनआईसी सभागार में उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान उपायुक्त ने मल्टी विलेज स्कीम यानी एमवीएस के सभी संवेदकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जलापूर्ति से जुड़े लंबित कार्यों को तुरंत पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर काम में ठोस प्रगति दिखनी चाहिए। यदि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरे नहीं होते हैं, तो संबंधित संवेदकों और अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं को भी 7 से 10 दिनों के भीतर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा गया कि 10 दिनों के अंदर दोबारा बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालय निर्माण, मॉडल मार्किंग विलेज और मॉडल विलेज के सत्यापन जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों को इन कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी और जिला समन्वयक मौजूद रहे, जबकि सभी प्रखंडों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े
उपायुक्त की सख्ती के बाद अब देखना होगा कि तय समय सीमा के भीतर योजनाओं में कितनी प्रगति होती है और लोगों को कब तक बेहतर जलापूर्ति और स्वच्छता सुविधाएं मिल पाती हैं।
रिपोर्टर: विकास कश्यप
