धनबाद : पूर्व मध्य रेल के RPF (CIB) अपराध आसूचना शाखा धनबाद ने लंबी तकनीकी जांच और कई राज्यों में फैले CCTV विश्लेषण के बाद नशा खुरानी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना गाड़ी संख्या 20975 चंबल एक्सप्रेस के जनरल कोच में 10-11 मार्च की रात घटी थी।
पीड़िता शिवानी (30) अपने पति के साथ धनबाद से बांदा जा रही थी। भीड़ के कारण वह ऊपर की बर्थ पर सो गई। उसी दौरान साधु वेश में एक व्यक्ति ने प्रसाद के नाम पर लड्डू खिलाया और झाड़-फूंक की। लड्डू में नशीला पदार्थ मिला था। महिला बेहोश हो गई। आरोपी उसके पर्स से करीब ₹4000 नकद और पैरों में पहनी चांदी की पायल-बिछिया लेकर फरार हो गया। महिला को बेहोशी की हालत में बांदा उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 मार्च को उसकी मौत हो गई।
धनबाद स्टेशन के CCTV में साधु वेशधारी संदिग्ध उसी कोच में चढ़ते-उतरते दिखा। आगे जांच में आसनसोल और बर्धमान के फुटेज में पांच साधु, फिर दो और संदिग्ध उसी कोच में चढ़ते दिखे। गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, डीडीयू तक फुटेज खंगाले गए। डीडीयू के बाहर सड़क कैमरे में सभी सात संदिग्ध एक मैजिक वाहन से बनारस कैंट की ओर जाते दिखे।
बनारस कैंट के CCTV में ये लोग प्लेटफॉर्म 9 से 20401 बनारस-लखनऊ शटल के जनरल कोच में चढ़ते दिखे। सुल्तानपुर स्टेशन के फुटेज ने यह पुख्ता किया कि गिरोह मुसाफिरखाना या निहालगढ़ के आसपास उतरा होगा।
IPF/CIB धनबाद के नेतृत्व में गठित टास्क टीम लखनऊ, सुल्तानपुर, निहालगढ़ होते हुए आखिरकार लोकेशन ट्रेस करते-करते आसनसोल पहुंची। पता चला कि गिरोह काली पहाड़ी के पास अस्थायी टेंट में रहता है। रेकी के बाद 31 मार्च को आसनसोल–गया पैसेंजर में पीछा करते हुए कोडरमा में सातों को दबोच लिया गया।
आरोपियों के पास से अल्प्राजोलम टैबलेट, ताबीज, जंतर, मोर पंख, लाल पगड़ी, रुद्राक्ष माला, मूर्तियां, कीपैड मोबाइल, नकद ₹5050 समेत कई सामान बरामद हुए, जिनका उपयोग लोगों को झांसा देने में किया जाता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी साधु या फकीर का भेष धारण कर ट्रेनों और गांवों में घूमते, प्रसाद या झाड़-फूंक के नाम पर नशीला पदार्थ देकर यात्रियों को बेहोश करते और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अजनबियों से खाने-पीने की कोई वस्तु न लें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।हैडलाइन सहित स्क्रिप्ट को 350 शब्दों में लिखें
