सहरसा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 6 अप्रैल को होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम की सफलता को लेकर एक महत्वपूर्ण योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य और व्यापक बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष साजन शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री मुकेश मानस ने किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने स्थापना दिवस को बूथ स्तर तक सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 अप्रैल से 7 अप्रैल तक सभी बूथों पर बूथ अध्यक्ष के घर पर पार्टी का झंडा फहराया जाएगा। इसके साथ ही जिला एवं मंडल कार्यालयों को सजाया जाएगा और एक पखवाड़े तक विभिन्न क्षेत्रों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अभिषेक पाण्डेय को संयोजक बनाया गया, जबकि मुकेश मानस, अरविंद भगत एवं मिस्टर झा को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी (कोसी) मनोज सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला कार्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा आगामी सप्ताह में तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे संगठन को और मजबूत किया जा सके।

 

इस अवसर पर जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह, अनमोल भगत, भैरवानंद, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।

 

बैठक में जिला उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं कई अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

 

बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प दोहराया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *