बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे, जहां उन्होंने विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नालंदा के शीतला मंदिर में हुई घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुखद बताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

 

जिला मुख्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी मिथलेश मिश्र ने डिप्टी सीएम का बुके देकर स्वागत किया, वहीं जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बड़हिया नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

 

डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता है।

 

इसके बाद जिला अतिथि गृह में नगर विकास विभाग, भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने लंबित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने नालंदा के शीतला मंदिर में हुई घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों से बात की गई है और जांच जारी है। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

 

डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।

लखीसराय | संतोष कुमार गुप्ता | 31 मार्च 2026

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *