मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलामू पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 216 किलोग्राम डोडा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले के मनातू थाना क्षेत्र में की गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 मार्च 2026 को पलामू पुलिस को मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। इस सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक श्री राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मनातू थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान शुरू किया।

 

जांच के दौरान एक संदिग्ध महिन्द्रा एक्सयूवी-500 (UP 32JV 7373) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से कुल 216 किलोग्राम डोडा बरामद किया। इसके साथ ही वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव शर्मा (36 वर्ष), निवासी फरीदपुर, बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा निजामुद्दीन राईन (44 वर्ष), निवासी कांडी, गढ़वा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है ताकि तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पलामू | विकास कश्यप

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *