धनबाद के गांधी सेवा सदन में समस्त हिंदू संगठनों द्वारा आगामी हनुमान जयंती को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता में शहर के कई प्रमुख हिंदू संगठन एक मंच पर एकजुट नजर आए और कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा मीडिया के सामने प्रस्तुत की।

 

प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से श्रीराम सेना के उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 2 अप्रैल को हनुमान जयंती पूरे श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत शहर के प्रसिद्ध भूईफोड़ मंदिर से होगी, जहां से झांकियों और जुलूस का शुभारंभ किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में न सिर्फ धनबाद बल्कि राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु भाग लेंगे। जुलूस में आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और “जय श्री राम” व “जय बजरंगबली” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब जाएगा।

 

यह भव्य जुलूस भूईफोड़ मंदिर से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रणधीर वर्मा चौक पर जाकर समाप्त होगा। आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जब सभी हिंदू संगठन एकजुट होकर सनातन धर्म के उत्थान के लिए कार्य करते हैं, तो यह समाज के लिए प्रेरणादायक होता है। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे पश्चिमी सभ्यता के अंधानुकरण से बचें और अपनी भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को अपनाएं।

 

वहीं, एकल अभियान के सदस्यों ने बताया कि इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सेवा कार्य भी किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

 

हनुमान जयंती को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और सभी संगठन मिलकर इसे सफल बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *