हजारीबाग में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना को लेकर पूरे झारखंड में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में जामताड़ा जिले के मिहिजाम में भाजपा महिला मोर्चा के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने की। प्रदर्शनकारियों ने हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश जताया। धरना के दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
धरना प्रदर्शन के बाद महिला मोर्चा की ओर से उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र जैसे पावन अवसर पर इस तरह की घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
वहीं महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इसके विरोध में पूरे झारखंड में महिला मोर्चा द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने और सख्त सजा दिलाने की मांग की।
मिहिजाम नगर परिषद की अध्यक्ष जयश्री देवी ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि अब अपराधी छोटी बच्चियों को भी नहीं बख्श रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा ने कहा कि 24 मार्च की रात हुई इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और न्याय की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।
