सहरसा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा चिड़ैया थाना का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना परिसर की साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। उन्होंने अभिलेखों के संधारण, मालखाना एवं हाजत की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इसे नियमित और व्यवस्थित बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही थाना में स्थापित CCTV कैमरों की कार्यक्षमता, वायरलेस सिस्टम एवं अन्य संसाधनों की भी समीक्षा की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए।
इस दौरान लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा भी की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, समयबद्ध कार्रवाई करने तथा वारंट और कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस की तत्परता और तैयारी की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशील रहने का निर्देश भी दिया गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने नवनिर्मित थाना भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की संरचना, कार्यालय कक्ष, हवालात, मालखाना, CCTV व्यवस्था, वायरलेस कक्ष एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक सुधार और बेहतर संचालन के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर मजबूत व्यवस्था और बेहतर कार्यप्रणाली से ही आम लोगों का पुलिस पर विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और तत्परता से करने का संदेश दिया।
