बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। नगर थाना क्षेत्र के एक होटल के पास स्थित मेन बाजार में अज्ञात बदमाशों ने राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घायल खिलाड़ी की पहचान मंझौल थाना क्षेत्र के पुरवारी टोल निवासी अंजय सिंह के 20 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार के रूप में हुई है। गोविंद अंडर-19 नेशनल वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ी रह चुके हैं और खेलो इंडिया गेम्स में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। घटना के समय वे बाइक से अपने गांव से बाजार किसी काम से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में उन्हें दो गोलियां लगीं, जिससे वे मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दो साल पहले भी गोविंद कुमार पर हमला हो चुका था, जिसकी जांच अभी तक जारी है।

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश किस तरह से फायरिंग कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *