बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय छात्रा निशा कुमारी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर सब्जी मंडी के पास स्थित हनुमान मंदिर के बगल की है, जहां अचानक चली गोली से इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस की शुरुआती जांच और CCTV फुटेज के आधार पर इस हत्याकांड में मृतका के कथित प्रेमी राहुल कुमार का नाम सामने आया है। फुटेज में साफ देखा गया है कि निशा और राहुल एक साथ भगवानपुर गोलंबर की ओर पैदल जा रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों मंदिर के पास काफी देर तक बैठे बातचीत कर रहे थे और उनके बीच किसी बात को लेकर बहस भी हो रही थी।
इसी दौरान अचानक राहुल ने पिस्तौल निकाली और बेहद करीब से निशा के सिर में गोली मार दी। गोली इतनी नजदीक से मारी गई कि निशा की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो छात्रा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था।
घटनास्थल से पुलिस ने दो मोबाइल फोन और निशा की चप्पल बरामद की है। जांच में अहम मोड़ तब आया जब आरोपी राहुल अपना मोबाइल फोन वहीं छोड़कर भाग गया। वहीं, निशा के फोन पर लगातार आ रही कॉल से उसकी पहचान की पुष्टि हुई। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की मौजूदगी में पुलिस ने कॉल रिसीव किया, जिसमें एक युवक ने निशा को अपनी मौसी बताया।
मृतका निशा कुमारी पूर्वी चंपारण के केसरिया की रहने वाली थी और मुजफ्फरपुर में पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी राहुल समस्तीपुर का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, सिटी डीएसपी विनीता सिन्हा और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
