सहरसा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
दरअसल, 29 मार्च 2026 को बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के सर्वेला गांव निवासी श्रवण कुमार को मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घायल को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और जिला आसूचना इकाई को भी लगाया गया।
पुलिस ने घायल के फर्दबयान के आधार पर बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए कांड में शामिल मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मधेपुरा जिले के घैलाढ़ थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वर्चस्व विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष अमित रंजन, जिला आसूचना इकाई एवं सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही।
सहरसा पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
