भागलपुर जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र से जमीन विवाद को लेकर दोहरी हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इस मामले में गरैया गांव निवासी सोनी देवी, जो स्वर्गीय रंजीत यादव की पत्नी हैं, ने पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) भागलपुर को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।
सोनी देवी के अनुसार, 2 जनवरी 2026 को परबत्ता थाना कांड संख्या 02/2026 के तहत नामजद सभी आरोपियों ने उनके पति रंजीत यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना जमीन विवाद को लेकर पहले से चल रहे तनाव का परिणाम है।
पीड़िता ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं थी। इससे पहले वर्ष 2024 में कांड संख्या 176/2024 के तहत भी उन्हीं आरोपियों ने उनके पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह किसी तरह बच गए थे। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनका मनोबल बढ़ता गया।
सोनी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (SP) और अन्य अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया, लेकिन अब तक पुलिस ने न तो घटनास्थल का सही तरीके से निरीक्षण किया और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने कहा है कि “इस केस से उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा और केस उनके कब्जे में है।” इतना ही नहीं, उन्होंने घर आकर 10 दिनों के भीतर केस वापस लेने की धमकी दी है, अन्यथा सोनी देवी और उनके बेटे की हत्या करने की बात कही है।
लगातार मिल रही धमकियों के कारण सोनी देवी अपने परिवार के साथ भय के साए में जी रही हैं और सुरक्षा के लिए जगह-जगह छिपने को मजबूर हैं। उन्होंने DIG भागलपुर से मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मामले की प्रतिलिपि नवगछिया के SP, ASP और SDPO को भी भेजी गई है।
