नवादा जिले के रजौली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1512 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की खेप बेहद शातिर तरीके से टमाटर के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी, जिसे बिहारशरीफ ले जाया जा रहा था।
यह कार्रवाई सोमवार सुबह उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र के निर्देश पर चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के तहत की गई। मद्य निषेध अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम पहले से ही अलर्ट थी, क्योंकि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है।
इसी सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध गतिविधियों वाली एक बोलेरो पिकअप वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर WV 37 C 8567) को रजौली चेकपोस्ट पर रोका। प्रारंभिक जांच में वाहन में टमाटर लदा हुआ दिखाई दिया, लेकिन अधिकारियों को शक होने पर जब गहन तलाशी ली गई, तो सभी हैरान रह गए।
टमाटर की परत के नीचे बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। बरामद शराब में हेवर्ड्स 5000 स्ट्रॉन्ग बीयर की 2736 केन, यानी कुल 1368 लीटर और रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 750 एमएल वाली 192 बोतलें, यानी कुल 144 लीटर शामिल हैं।
मौके से गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं निवासी राहुल पासवान और सोनू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह शराब पश्चिम बंगाल से लाई जा रही थी और झारखंड के बरही के रास्ते बिहारशरीफ पहुंचाने की योजना थी।
उत्पाद विभाग ने इस मामले में जब्त वाहन और शराब के साथ दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही, स्वास्थ्य जांच के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को लेकर उत्पाद विभाग ने साफ संकेत दिया है कि राज्य में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
