झारखंड के जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत खुदमल्लिका अंतर्राज्यीय पुलिस चेकपोस्ट का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस चेकपोस्ट का उद्घाटन रबीन्द्रनाथ महतो एवं राजकुमार मेहता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर नाला डीएसपी मनोज महतो, पुलिस इंस्पेक्टर मिन्हाज आलम, कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि यह क्षेत्र पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां अक्सर आपराधिक घटनाएं होती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस चेकपोस्ट के निर्माण से अब अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कदम उठा रही है, जिसमें नए वाहन और संसाधनों की उपलब्धता शामिल है।

 

उन्होंने आगे बताया कि इस चेकपोस्ट की स्थापना का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पकड़ मजबूत करना और अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना है। पहले सीमा क्षेत्र होने के कारण कई आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय पर पुलिस तक नहीं पहुंच पाती थी, लेकिन अब इस चेकपोस्ट के जरिए निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। साथ ही उन्होंने भविष्य में बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेडिया सीमा पर एक और पुलिस चौकी स्थापित करने की घोषणा भी की।

 

वहीं पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि इस चेकपोस्ट पर एक पुलिस पदाधिकारी और चार जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही दो मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे जवान नियमित गश्ती कर सकेंगे और क्षेत्र में अपराध पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीण अब सीधे पुलिस से संपर्क कर अपनी समस्याएं रख सकेंगे, जिससे त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।

 

इस चेकपोस्ट के शुरू होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही आम लोगों में भरोसा भी बढ़ेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *