दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सिंदिया चौक के पास हुए इस भीषण दुर्घटना में 25 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में यह सामने आया कि हटिया से बांस लेकर जा रही एक गाड़ी ने युवक को टक्कर मारी थी। हालांकि, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने जेल के सामने मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
