बोकारो से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां सेल्फी और रिल बनाने का शौक दो युवकों पर भारी पड़ गया। घटना बोकारो रेलवे गुड शेड के हम्प यार्ड की है, जहां सात युवक फोटो और वीडियो बनाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक लापरवाही ने बड़ा हादसा कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, अभिमन्यु चटर्जी नामक युवक ट्रेन के ऊपर चढ़कर फोटो खींच रहा था। तभी वह ऊपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह बुरी तरह झुलस गया और नीचे गिर पड़ा।

 

अपने दोस्त को बचाने के लिए कौशिक शर्मा तुरंत आगे बढ़ा, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद अन्य युवक घबरा गए।

 

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने कौशिक शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिमन्यु चटर्जी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

मृतक कौशिक शर्मा बारी को-ऑपरेटिव क्षेत्र का निवासी था, जबकि घायल अभिमन्यु चटर्जी सेक्टर-12 का रहने वाला है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

आरपीएफ की एएसआई अरुणा उरांव ने बताया कि मौके पर कुल सात युवक मौजूद थे, जिनमें से दो इस हादसे का शिकार हुए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि रेलवे क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही से बचें और अपनी जान जोखिम में न डालें।

 

यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे स्टंट करना कितना खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *