पलामू मेदिनीनगर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 11 वर्षीय नाबालिग दलित छात्र की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। इस मामले को लेकर झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार ‘शत्रु’ ने कड़ा आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस बयान जारी करते हुए उन्होंने बताया कि राजकीय प्राथमिक कन्या विद्यालय, राजहारा के कक्षा 4 में पढ़ने वाले छात्र श्री भुईयां को कथित तौर पर उसके घर से जबरन उठाकर लोहड़ा निवासी अभय मिश्रा के बाना स्थित ईंट भट्टा पर काम कराने ले जाया गया। आरोप है कि 26 मार्च को करीब 11 बजे दिन में ईंट लोड कर बनखेता भेजने के दौरान ट्रैक्टर के दाहिने चक्के के नीचे आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक के पिता धर्मेंद्र भुईयां ने नावाबाजार थाने में दिए बयान में कहा है कि उनका बेटा पढ़ाई के लिए राजहारा में अपने चाचा के पास रह रहा था। इसी बीच धन्नंजय मिश्रा उसे झूठ बोलकर अपने साथ ले गया और बिना भोजन कराए जबरन ईंट ढुलाई में लगा दिया। घटना के दौरान ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ।
शत्रुघ्न कुमार ‘शत्रु’ ने इस घटना को बाल श्रम, जबरन मजदूरी और अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार का गंभीर मामला बताते हुए भट्टा मालिक अभय मिश्रा और धन्नंजय मिश्रा के खिलाफ SC/ST एक्ट, बाल श्रम कानून और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नावाबाजार प्रखंड में करीब 20 अवैध ईंट भट्टे संचालित हो रहे हैं, जहां प्रशासन की मिलीभगत से नाबालिगों से काम कराया जाता है और नियमों की खुलेआम अनदेखी होती है।
अंत में उन्होंने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा, नौकरी, पेंशन और आवास की सुविधा देने तथा सभी बंधुआ और बाल मजदूरों को मुक्त कर वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट पलामू /झारखंड
