सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत धमसैनी गांव स्थित एक ईंट भट्ठा पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक कई राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद भट्ठा पर काम कर रहे मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। असम से लाए गए मजदूरों का कहना है कि उनसे जबरन काम करवाया जाता है। मजदूरों ने रोते हुए बताया कि चिमनी मालिक द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती है और काम से मना करने पर करंट तक लगाया जाता है। इतना ही नहीं, मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय महिलाओं को जबरन मालिक के घर ले जाया जाता है और उनके साथ गलत व्यवहार किया जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एयर गन से गोली चलने की बात सामने आ रही है, हालांकि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
वहीं, मौके पर मौजूद लगभग दर्जन भर से अधिक महिलाओं को पुलिस ने रेस्क्यू कर थाना ले जाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मजदूरों के साथ हो रहे कथित शोषण के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मजदूरों की हालत और उनके आरोपों ने प्रशासन को भी सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
