अखिल भारतीय भगैत महासभा, कोशी अंचल सहरसा के तत्वावधान में 66वें वार्षिक महाधिवेशन के अंतर्गत बिहार राज्य भगत महासम्मेलन सह विष्णु यज्ञ 2026 का आयोजन 29 मार्च से 31 मार्च तक नगर निगम सहरसा के बटराहा स्थित श्री श्री 108 बजरंग बली मंदिर एवं मुशहरु बाबा समाधि प्रांगण में किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम पूर्णतः धार्मिक, आध्यात्मिक एवं लोककल्याणकारी उद्देश्य को समर्पित है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर शंकर चौक से जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर शंकर चौक मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटे। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं भक्तगण शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजन के दौरान 72 घंटे तक लगातार धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। महासम्मेलन में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा देश-विदेश, विशेष रूप से नेपाल से संत-महात्माओं, विद्वानों एवं भगैत मंडलियों के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष विमल किशोर उर्फ बम यादव के नेतृत्व में सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति में कृष्णदेव यादव, रामनंदन कुमार, मो. जब्बार, उपाध्यक्ष रमेश कुमार रमन, अरुण यादव, रामसागर शर्मा, बीरेंद्र पोद्दार, कोषाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार, नरेश कुमार, कमल यादव सहित अन्य सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं आम जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। साथ ही शांति, सौहार्द एवं अनुशासन बनाए रखने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
